आपसे निवेदन

आप चाहे छतहार में रहते हों या छतहार से बाहर, अगर आपका रिश्ता छतहार से है तो ये ब्लॉग आपका है। हम चाहते हैं कि आप छतहार के बारे में अपनी जानकारी, अपनी भावना, अपने विचार हमसे बांटें। आप अगर छतहार से बाहर रहते हैं और जिंदगी की आपाधापी में छतहार से आपका रिश्ता टूट चुका है तो हम चाहते हैं कि आप अपने बारे में हमें जानकारी भेजें ताकि ब्लॉग में हम उसे पोस्ट कर छतहार से आपका रिश्ता जोड़ सकें। हमारा मकसद इस ब्लॉग को छतहार का इनसाइक्लोपीडिया बनाना है। दुनिया के किसी भी हिस्से में बैठा कोई शख्स छतहार के बारे में अगर कोई जानकारी चाहे तो उसे अपने गांव की पक्की सूचना मिल सके। ये आपके सहयोग के बगैर संभव नहीं है। हमें इस पते पर लिखे- hkmishra@indiatimes.com

Tuesday, June 29, 2010

छतहार में शोक सभा

छतहार स्कूल में दिग्विजय सिंह की याद में आज एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस शोक सभा में छतहार और आस-पास के गांव के हजारो लोग शामिल हुए। इस संबंध में जैसे ही हमें और जानकारी मिलेगी हम आपको इससे अवगत करएंगे।

दिग्विजय सिंह पंचतत्व में विलीन

और पंचतत्व में विलीन हो गए दिग्विजय सिंह। बिहार के दिवंगत नेता दिग्विजय सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक निवास जमुई जिले के गिद्घौर के नयागांव में पूरे राजकीय सम्मान से कर दिया गया। बीते गुरुवार को लंदन के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया था।
इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद, लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान, सांसद ललन सिंह, राज्य के मंत्री नरेंद्र सिंह, सूरजभान सहित विभिन्न दलों के कई नेता उपस्थित थे।

पांच बार सांसद रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय की अंतिम यात्रा उनके निवास से निकल नकटी नदी के श्मशान घाट पर तक गई जहां उनके अनुज कुमार त्रिपुरारी सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर हजारों ने अपने प्रिय नेता को अश्रुपूर्ण विदाई दी। इस मौके पर छतहार की तरफ से मुखिया श्री मनोज मिश्र और श्री पंकज सिंह शामिल हुए। रविवार की रात से ही दिवंगत नेता के पैतृक निवास पर उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी तादाद लोगों का आना जारी रहा।
उनके पार्थिव शरीर को रविवार को दिल्ली से पटना लाया गया था जहां से उसे उनके संसदीय क्षेत्र बांका होते हुए गिद्घौर ले जाया गया। पटना रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद सहित राज्य के कई मंत्रियों ने उन्हें श्रद्घांजलि अर्पित की।

डिस्क्लेमर - उपरोक्त तस्वीर वेबसाइट से ली गई है। तस्वीर व्यावसायिक उपयोग के लिए नहीं है। फिर भी अगर कॉपीराइट का मामला हो तो सूचित करें। तस्वीर हटा ली जाएगी।

Saturday, June 26, 2010

वो भी क्या दिन थे

ये तस्वीर हमें मनोज मिश्र से प्राप्त हुई है। ये तस्वीर तब की है जब दिग्विजय सिंह जेडीयू में थे। बताने की जरुरत नहीं बांका से लोकसभा चुनाव का टिकट ना मिलने पर दिग्विजय ने अलग राह चुन ली। आज दिग्विजय सिंह का शव लंदन से नई दिल्ली लाया गया है। पूर्वा एक्सप्रेस से उनका पार्थिव शरीर उनके गृहशहर जमुई के गिद्धौर ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान से सोमवार को आखिरी विदाई दी जाएगी।

Friday, June 25, 2010

दिग्विजय सिंह 1955-2010

चला गया एक कद्दावर नेता
बांका का विकास पुरूष नहीं रहा
फिक्की को संबोधित करते दिग्विजय सिंह
दिग्विजय बाबू ने कहा अलविदा
खो गया हमारा चहेता
डिस्क्लेमर - तस्वीरों विभिन्न साइटों से ली गई है। ये व्यावसायिक उपयोग के लिए नहीं है। अगर कोई कॉपीराइट का मामला बनता हो तो आपत्ति दर्ज कराने पर तस्वीरें हटा ली जाएंगी।- मॉडरेटर

मंगलवार को शोकसभा

सांसद दिग्विजय सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए छतहार स्कूल में मंगलवार को एक शोकसभा का आयोजन किया गया। छतहार के पंचायत प्रमुख मनोज मिश्र ने फोन पर ये जानकारी दी। मुखियाजी की अपील है कि पंचायत के लोग मंगलवार को स्कूल प्रांगण में जुटकर दिग्विजय बाबू को अपनी श्रद्धांजलि भेंट करें।

दिग्विजय बाबू को श्रद्धांजलि

दिग्विजय सिंह की मौत से छतहार से रिश्ता रखने वाला हर कोई दुखी है। छतहार से बाहर रहने वाले लोग भी अपने-अपने तरीके से दिग्विजय बाबू को याद कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह के निधन की खबर आते ही गाजियाबाद के वसुंधरा में उनकी याद में एक शोक सभा हुई, जिसमें यहां रहने वाले गांव के युवाओं ने हिस्सा लिया और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। हिमांशु कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई सभा में संगीता सिंह, दिव्यांशु भारद्वाज, विकास मिश्र, नीरज, सौरभ, आशीष और मनीष मौजूद थे। तमाम वक्ताओं ने एक राय से माना कि दिग्विजय सिंह जैसे कद्दावर नेता की मौत छतहार के लिए बड़ी क्षति है। छतहार ब्लॉग की तरफ से भी दिग्विजय बाबू को हार्दिक श्रद्धांजलि।

पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के साथ पटना एयरपोर्ट पर दिग्विजय सिंह। चित्र-साभार

Thursday, June 24, 2010

शोक में डूबा छतहार

दिग्विजय बाबू नहीं रहे। लंदन से जैसे ही ये खबर छतहार पहुंची, पूरा गांव शोक में डूब गया। किसी को भरोसा ही नहीं हो रहा था कि दिग्विजय बाबू इस तरह अकस्मात जा सकते हैं। खबर पुष्ट करने की कोशिश हुई। मुखिया जी ने दिग्विजय बाबू के निजी मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल की घंटी बजती रही और फिर शांत हो गई। भला चिरनिद्रा में सोए दिग्विजय बाबू फोन कैसे उठाते।
अटकलें का दौर शुरू। जैसे-जैसे खबर जंगल की आग की तरह फैली पंचायत के लोगों का मुखियाजी के घर जुटना शुरू हो गया। लोग टीवी खोल कर बैठ गए कि शायद दिग्विजय बाबू की कोई खबर मिल जाए। थोड़ी देर में ही तमाम न्यूज चैनलों पर छतहार वालों के दिल तोड़ने वाला ब्रेकिंग न्यूज का सिलसिला शुरू हो गया। दिग्विजय सिंह का निधन। लंदन में हुआ निधन। ब्रेन हैम्रेज से निधन।
मुखियाजी के साथ बैठे तमाम लोग सन्न थे। सदमे में थे। सकते में भी। बांका संसदीय क्षेत्र की मुखर आवाज गुम हो चुकी थी। एक मिलनसार, आत्मीय, जिंदादिल, भलामानुस हमारे बीच से दूसरी दुनिया जा चुका था। हर तरफ खामोशी थी। मातमी सन्नाटा पसरा था। तभी मुखिया मनोज मिश्र की भर्राई आवाज सन्नाटे को चीरती हुई निकली- दिग्विजय बाबू की मौत छतहार के लिए गहरा सदमा है। ये हमारी निजी क्षति है। दिग्विजय बाबू का छतहार से गहरा लगाव था और यहां की जनता में वो बेहद लोकप्रिय थे। सीधे और सरल प्रकृति के दिग्विजय बाबू लोगों की मदद को हमेशा तैयार रहते थे। छतहार की कई योजनाओं में उन्होंने अपने फंड से पैसा था। हालांकि इस बार वो थोड़े समय के लिए सांसद रह पाए, लेकिन छतहार के विकास में जिस तरह से उन्होंने दिलचस्पी दिखाई उतनी अब तक किसी सांसद ने दिखाई। आखिर में मुखियाजी ने कहा कि ये मेरी निजी क्षति है।
छतहार के मुखिया मनोज मिश्र ने दिग्विजय सिंह के निधन को अपनी निजी क्षति बताते हुए कहा कि कहा कि दिग्विजय जी का निधन देश और खासकर अपने क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है और इसे भरा नहीं जा सकता। दिग्विजय जी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा आगे बढ़ कर प्रयास करते थे।
मुखियाजी चुप हुए तो फिर शुरू हो गया श्रद्धांजलि का सिलसिला। निकल पड़ा यादों का कारवां। पिछले लोकभा चुनाव में दिग्विजय बाबू के लिए छतहार में चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाले ब्रजेश कुमार मिश्र उर्फ सिंटू ने कहा-उनके जैसा शख्स मैंने अब तक नहीं देखा। बड़ा आदमी होकर भी वो एकदम जमीन से जुड़े हुए थे। पंकज सिंह बोले- दिग्विजय बाबू से मेरा निजी रिश्ता था। जब भी कोई काम पड़ा उन्होंने कभी ना नहीं किया। वो पढ़े लिखे और निहायत ही सज्जन किस्म के इंसान थे। बांका ही नहीं बिहार ने एक होनहार नेता खो दिया। अगर वो जिंदगी की लंबी पारी खेल पाते तो बांका का कायाकल्प हो जाता।
कुछ महीना पहले ही दिग्विजय बाबू से उनके आवास पर मिलने वाले प्रोफेसर उदय मोहन सिंह बेहद मर्माहत थे। वो याद कर रहे थे वो एक-एक पल कि कैसे दिल्ली में दिग्विजय बाबू से मुलाकात हुई और पहली ही मुलाकात में वो कितनी आत्मीयता से मिले। उदय बाबू ने कहा कि एक ही मुलाकात में उनसे दिल का रिश्ता हो गया था। निर्मल कुमार मिश्र उर्फ नीरू बाबू ने दिग्विजय सिंह को बिहार के नेताओं की जमात का सबसे होनहार चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि बिहार खासकर बांका को दिग्विजय बाबू की अभी लंबे वक्त तक जरुरत थी, लेकिन ऊपर वाले के इंसाफ को कौन टाल सकता है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
बैंक में मैनेजर रहे सुबोध कुमार सिंह भी दिग्विजय बाबू की मौत से सदमे में थे। उन्होंने कहा कि भगवान ने हमसे एक सरल, सुबोध मुस्कुराहट छीन ली। उनकी निश्छल मुस्कान और मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा यादों में रहेगा। भगवान उनकी पत्नी और बच्चों को दुख सहने का साहस दे।
दिग्विजय सिंह के चुनाव प्रचार से जुड़े अनंत राय और उदय तिवारी ने दिग्विजय बाबू को एक ओजस्वी वक्ता के रूप में याद किया। अनंत राय बोले- वो जनता की आवाज थे। बिहार के वो उन चंद गिने-चुने नेताओं में थे जिनकी आवाज हमेशा दिल्ली में गूंजती थी। टीवी चैनलों पर उन्हें देखकर हमारा सिर गर्व से ऊंचा हो जाता था। लेकिन, आज हमारे लिए दुख की घड़ी है।
उदय तिवारी ने कहा- बांका पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। दिग्विजय बाबू नहीं रहे. यकीन नहीं होता। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके चाहने वालों को दुख झेलने की शक्ति।

दिग्विजय सिंह नहीं रहे

लोकसभा में छतहार की नुमाइंदगी करने वाले दिग्विजय सिंह नहीं रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के बांका से लोकसभा सदस्य दिग्विजय सिंह का आज लंदन में ब्रेन हैम्रेज से निधन हो गया। दिग्विजय सिंह इलाज को दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद वह कोमा में चले गए थे। दो हफ्ते से उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष और कॉमनवेल्थ गेम्स की आर्गेनाइजेसन के सदस्य दिग्विजय सिंह लंदन कॉमनवेल्थ गेम्स एक्ज्यूक्यूटिव कमेटी की बैठक में हिस्सा लेने गए थे और वहीं उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। दिग्विजय सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।
दिग्विजय सिंह का जन्म 14 नवंबर 1955 को जमुई के गिद्धौर में हुआ था। पटना विश्वविद्यालय से एम.ए. करने के बाद उन्होंने दिल्ली का रुख किया। यहां जेएनयू से उन्होंने एम.फिल किया। बाद में वह आगे की पढ़ाई के लिए टोकियो भी गए। दिग्विजय सिंह पांच बार संसद सदस्य रहे। तीन बार लोकसभा (1998, 99, 2009) और दो बार राज्य सभा (1990, 2004)। 1990 में चंद्रशेखर सरकार में वह पहली बार मंत्री बने। फिर 1999 से 2004 के बीच एनडीए की सरकार में पहले रेल राज्य मंत्री और फिर बाद में विदेश राज्य मंत्री बने। पिछले लोकसभा चुनाव में जेडीयू से टिकट नहीं मिलने पर दिग्विजय सिंह ने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था और अच्छे अंतर से चुनाव जीत कर आए थे। दिग्विजय सिंह एक कुशल वक्ता भी थे। टीवी पर डीबेट में विभिन्न मुद्दों पर वह अपनी राय बेबाकी से रखते थे।

Sunday, June 20, 2010

छतहार के फनकार- मनोज मिश्र

यूं तो छतहार की धरती ने कई फनकार पैदा किए, लेकिन जो शोहरत और कामयाबी मनोज मिश्र ने हासिल की वो काबिलेतारीफ है। छतहार के फनकारों की कोई भी सूची मनोज जी के जिक्र के बगैर अधूरी होगी। चाहे वो गज़ल गायिकी हो या फिर लोकगीत, मनोज जी को दोनों में महारत हासिल है। जिंदगी की दूसरी जिम्मेदारियों की वजह से पिछले पंद्रह साल से वो गीत-संगीत से दूर हैं, लेकिन उन्होंने हमसे वादा किया है कि वो अब गीत-संगीत से अपना वनवास तोड़ेंगे। हमारी दुआ उनके साथ है। तहे दिल से हम दुआ करेंगे छतहार का जो चमकता संगीत सितारा अचानक बादलों में घिर गया था वो फिर धूमकेतु की तरह चमके।
यहां पेश है एक गजल और दो लोकगीत जिसे मनोज जी ने ना सिर्फ स्वर दिया है बल्कि संगीत भी दिया है। ये गीत कश्ती के मुसाफिर अलबम से है, जो नए दशक की शुरुआत में बिहार में बेहद लोकप्रिय रहा था। गीतकार हैं ज्योतिंद्र नाथ मिश्र और गायन में मनोजजी का साथ दिया है प्रियंका गहरबार ने।

चांदनी रात में हर फूल मुस्कुराया है
ऐसा लगता है, बहारों ने सर उठाया है
हसीन लम्हों से भरी आंखें, इस तरह अपनी
दर्द सीने से उतर सरजमीं पे आया है
आप हैं चांद है चांदनी रात है
बात करते रहें तो क्या बात है।
आइये दो कदम हम मिलके चलें
पा पा पा मा मा मा गा गा गा रे रे रे
गा गा गा रे रे रे सा पा धि ना सा सा नि सा सा
नि रे रे नि सा सा पा धा नि सा सा पा धा नि सा सा
आइये दो कदम हम मिल कर चलें
फिर भटकते रहें तो क्या बात है।
आप हैं चांद है....
सुलगते हुए एक जंग से हम
गुजरते रहें तो क्या बात है
आप हैं चांद है...
जिंदगी दर्द का दूसरा नाम है
पा पा पा मा मा मा गा गा गा रे रे रे
गा पा गा पा गा रे सा
जिंदगी दर्द का दूसरा नाम है
मुस्कुराते रहें तो क्या बात है
आप हैं चांद है

साल २००० में कश्ती के मुसाफिर अलबम की रिकार्डिंग के दौरान पटना स्टूडियो में ली गई तस्वीर। सामने की पंक्ति में बाएं से चौथे हैं मनोज मिश्र। उनकी बायीं तरफ गायिका प्रियंका जबकि उनके ठीक पीछे खड़े हैं गीतकार ज्योतिंद्रनाथ मिश्र।
अंगिका गीत- गोरी के शान
गीतकार- ज्योतिंद्रनाथ मिश्र
गायक और संगीतकार- मनोज मिश्र
पटना दूरदर्शन पर ये गीत 2005 में प्रसारित हो चुका है
(ये गांव के एक पति के दिल का दर्द है, जिसकी पत्नी के पास रूप तो है लेकिन गुण नहीं)
तोरा ऐसन शान गे गोरकी, कत्ते के देखलियै
ऐसन तीर कमान गे गोरी कत्ते के देखलियै
बोली तोर तबल दूध सन, देलकैय जीभ जराय
सउसे मुंह में फोंका होय गेल, तरुवो गेलै छिलाय
मुंह में रखनै पान गे गोरकी कत्तै के देखलियै
ऐसन तीर कमान गे गोरी कत्ते के देखलियै
तोरा ऐसन...
ऐना कंघी आगू रहै छौ, पीछू सुनै छैं बात
डबकते डबकते जरी गेलौ, फेरु भंसा के भात
ऐसन तीर कमान गे गोरकी...
रंग बिरंगा सारी किनैय छैं, फटलै हमरो जुत्ता
बढ़लै ढाड़ी बाल देखी के, पीछू भूंके कुत्ता
मधुर मधुर मुस्कान गे गोरकी कत्तै के देखलियै
तोरा ऐसान शान गोरी के
रात रात भर जागल रहै छी, लागौ तोरा नींद

खटिया चढ़ी के मचकै छें तों, हमरा मिलल जमीन
ऐसन तीर तमान...
सोलह सोमबारी के फल छौ, ऐसन मिललौ दूल्हा
गोतनी के साथ तों टीवी देखैं छैं, हम्में फूकौं चूल्हा
मधु-मधुर मुस्कान गे गोरकी...

1992 में दुमका, एंड के शारदा संगीत महाविद्यालय में कार्यक्रम पेश करते मनोज मिश्र
गीत- डर लागै
गीतकार- ज्योतिंद्र नाथ मिश्र
गायक और संगीतकार- मनोज मिश्र
(नौकरी के लिए शहर जा रहे पति को उसकी बीवी किस तरह रोकती है उसकी बानगी है ये लोकगीत)

डर लागै हो सैंया डर लागे
तोरा सूनी रे मड़ैय़ा में डर लागे
पति कहता है-
जिसके पूरे घर में भरा पूरा परिवार हो उसे डर कैसे
तुम्हारी सासु मां हैं प्यारी ननद है छबीले देवरजी हैं फिर डर कैसा?
पत्नी बोलती है
सासु हमारी बड़ी है पुरानी, दिनभर मांगे हुक्का पानी
बतिया उनकी जहर लागे
तोरा सुनी रे मड़ैया में डर लागे
कुंवारी ननदिया के लंबी-लंबी केसिया
हंसे जैसे हंसुआ के धार जैसन हसिया
दिन दुपहरिया कहर लागे
तोरा सूनी रे मड़ैया में डर लागे
छैल छबीला मोरा बांका देवरवा
हमको जगायके खेले सतघरवा
अंखिया मारे हो हो हो
अंखिया मारे नजर लागे
तोरा सूनी रे मड़ैया में डर लागे
अब ना रहबै हम तोहरी अटरिया
ले लैयो सैंया झोरी गठरिया
दुश्मन सारा हो हो हो
दुश्मन सारा शहर लागे
तोरा सूनी रे मड़ैया में डर लागे

Saturday, June 12, 2010

मदमस्त के बहे बयार महिनवा फागुन के

मदमस्त के बहे बयार महिनवा फागुन के
बाटे रे बटोहिया तोहिं मोरो भैया
लेले जाहो हमरो संदेश, महिनवा फागुन के
मदमस्त के बहे बयार महिनवा फागुन के
सबके बलमुआं घर घर घूमे
हमरो बलमू परदेस, हे हो
हमरो बलमू परदेस महिनवा फागुन के
मदमस्त के बहे बयार महिनवा फागुन के
तोहरो बलमुआं के चिन्हियो ना जानियो
कैसे के कहब संदेश हे हो
कैसे के कहब संदेश महिनवा फागुन के
मदमस्त के बहे बयार महिनवा फागुन के
सबके बलमुआं के लंबी लंबी केशिया
हमरे के पगिया निशान, महिनवा फागुन के
मदमस्त के बहे बयार महिनवा फागुन के

- बेशक ये मौसम फागुन का नहीं है, लेकिन अगर आप अपनों से दूर रहते हैं तो जेठ में भी ये फागुन जैसा असर करता है। सबके बलमुआ घर-घर घूमे, हमरो बलमुआ परदेस.... यहां बलमुआ की जगह किसी अपने को रख कर देखिये, जिसे अ्पने प्यारे गांव छतहार से दूर बैठे आप मिस कर रहों तो ये गीत आपके मन की संवेदना के तार को झंकृत कर देगी।
होली का ये सुंदर गीत हमें भेजा है श्री मनोज मिश्र ने। मनोज जी छतहार के जाने-माने गायक और संगीतकार हैं। संप्रति बरौनी के आईओसीएल रिफाइनरी में सर्विस इंजीनियर पद पर कार्यरत हैं। मनोज जी से हम उम्मीद करेंगे कि आगे भी वो अपनी रचना और छतहार के गीत-संगीत के माहौल के साथ वहां के कालजयी कलाकारों के बारे में अपना लेख भेजने की कोशिश करेंगे।- मॉडरेटर

Sunday, June 6, 2010

छतहार के आस्था केंद्र

छतहार और आसपास के इलाके के लोगों के धार्मिक आस्था का अहम केंद्र शिवाला। शिवाला का निर्माण करीब १९३४ ईस्वी का बताया जाता है। छतहार के मशहूर वैद्याचार्य पंडित गोरेलाल मिश्र ने इस मंदिर का निर्माण कराया था। वर्तमान में उनके वंशज इसकी देखभाल करते हैं। इस मंदिर की खासियत एक साथ मां काली, भगवान शिव और उनके परिवार तथा भगवान सूर्य का मंदिर। इलाके भगवान भास्कर का ये अकेला मंदिर है।
मां काली मंदिर का एक दृश्य।
मां तिलधिया महारानी। मां दुर्गा का ये मंदिर बिहार के जाने-माने मंदिरों में शुमार है। कहा जाता है कि यहां जो भी सच्चे मन ने मांगता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। प्रत्येक मंगल और शनिवार को यहां बड़ी तादाद में भक्त जुटते हैं। दुर्गापूजा के वक्त तो दूर-दूर से श्रद्धालु यहां माता के दर्शन करने और मन्नत उतारने आते हैं।
प्रेमनाथ बाबा। नदी के पार तड़बन्ना के पास, जहां कभी गांव की क्रिकेट टीम खेला करती थी।
शीतला मंदिर।
शीतला मंदिर।
कालिनाथ स्थान, सिंघिया।
नोट- छतहार में धार्मिक आस्था के केंद्र और भी हैं। विषहरी स्थान, जलपा महारानी मंदिर, बजरंगल बली मंदिर, सत्ती स्थान, हरटोल बाबा स्थान, प्रेमनाथ बाबा शिवालय। अगर इनकी तस्वीरें आपके पास हैं तो हमें इस पते पर भेजिये- hkmishra@indiatimes.com